
अमरिया, पीलीभीत | 25 अप्रैल 2025 (शुक्रवार):
भारतीय किसान यूनियन (भानु) की तहसील स्तरीय मासिक पंचायत का आयोजन आज अमरिया तहसील में किया गया। पंचायत की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने की, जिसमें किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक नौ सूत्रीय मांग पत्र उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को संबोधित कर उप जिलाधिकारी अमरिया को सौंपा गया।
राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप
पंचायत को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि भूमि पैमाइश और चकबंदी प्रक्रिया में राजस्व एवं चकबंदी अधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर निजी स्वार्थ में मनमानी की जा रही है। इसी कारण किसानों के बीच जानलेवा झगड़े हो रहे हैं और इसकी पूरी जिम्मेदारी राजस्व प्रशासन की है।
फर्द-खतौनी में गड़बड़ी और तुदेबंदी कानून का दुरुपयोग
तहसील अध्यक्ष रामगोपाल प्रजापति ने कहा कि किसानों की फर्दे खतौनी और अंश निर्धारण में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों की लापरवाही के कारण भारी गड़बड़ियां हो रही हैं। उन्होंने शासन से तत्काल सुधार की मांग की ताकि किसान कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने से बच सकें।
वरिष्ठ किसान नेता निसार शाह ने कहा कि तुदेबंदी की धारा 24 का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। किसानों को अफीडेविट के आधार पर सीधे समाधान का विकल्प दिया जाए और इसके लिए स्पष्ट गाइडलाइन बनाकर राजस्व अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
गांव में सामूहिक पंचायत के माध्यम से समाधान की मांग
तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर ने सुझाव दिया कि घरौनी और अंश निर्धारण से जुड़ा कार्य गांवों में सार्वजनिक पंचायतों के माध्यम से पारदर्शी रूप से किया जाए। उन्होंने पैसा लेकर चोरी-छुपे किए जा रहे संशोधनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
आवास योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचे
ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रसाद (अमरिया) ने पंचायत में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ सभी पात्र परिवारों को समय पर दिलाया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेघर न रहना पड़े।
प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
पंचायत में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख हैं:
- दौलत सिंह प्रजापति (ब्लॉक महामंत्री)
- रघुवर सिंह प्रजापति (जिला सचिव, पीलीभीत)
- बाबूराम वर्मा (ब्लॉक जिला उपाध्यक्ष)
- ओंकार सिंह (तहसील उपाध्यक्ष)
- पोशाक लाल (तहसील संगठन मंत्री)
- फरीद सिद्दीकी (तहसील उपाध्यक्ष)
- चौधरी लाल उपाध्याय (पंचायत अध्यक्ष, सरदार नगर)
- धर्मेंद्र कुमार गुप्ता (जिला मीडिया प्रभारी)
- ओम प्रकाश मौर्य, आत्माराम, सीताराम, आरिफ
- महिला पदाधिकारी: जमुना देवी, नीलम, मीना देवी, विमला देवी, चमेली देवी, रेखा, सलोनी, शांति देवी, कमला देवी
पंचायत में सैकड़ों किसान कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में मांग की कि किसानों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर, पारदर्शिता और ईमानदारी से किया जाए।